छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। चार नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी का रास्ता रोककर कट्टे की नोंक पर 50 हजार रुपए नकद लूट लिए और फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक सरगुजा जिले के सीतापुर के रहने वाले संतोष गुप्ता (45) चिल्हर व्यापारी हैं। वे मंगलवार को धान, चावल और महुआ की खरीदी के लिए अपने हेल्पर नंदकिशोर दास के साथ पिकअप से ग्राम चाल्हा और रूवांफूल की ओर गए थे।

 

चावल, महुआ और अन्य सामान की खरीदी करने के बाद वे पिकअप से वापस कापू जा रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच पिकअप ग्राम रामपुर के लम्ती नाला डेम के पास मुख्य सड़क पर पहुंचा। इसी बीच किसी ने सड़क के बीच में मोटी लकड़ी रखकर रास्ता रोक दिया। ऐसे में हेल्पर नंदकिशोर दास गाड़ी से उतरकर लकड़ी हटाने लगे, तभी चार नकाबपोश युवक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे और कट्टा अड़ाकर डराते-धमकाते हुए संतोष के पास रखे बैग से करीब 50 हजार रुपए लूट लिए।

 

इसके बाद आरोपियों ने गाड़ी की चाबी लेकर ट्रूल बॉक्स की तलाशी ली और संतोष का मोबाइल, गाड़ी की चाबी लेकर गाड़ी को बीच सड़क में खड़ा कर खम्हार मार्ग की ओर फरार हो गए।

 

खम्हार की ओर भागे नकाबपोश

 

इसी दौरान सामने से आ रहे एक बाइक सवार ने उनसे पूछा कि क्या हुआ, तब संतोष ने पूरी घटना की जानकारी दी। बाइक सवार ने बताया कि दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश युवक खम्हार रोड की ओर गए हैं।

 

रात होने के कारण संतोष वापस अपने घर चला गया और अगले दिन घटना की सूचना पुलिस को देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।