छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक हत्या का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस मामले को सुलझाने और आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। यह घटना शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम ब्राह्मणबाहरा में पुलेश्वर उर्फ सोनू यादव, नरेश यादव और शिशुपाल मरकाम एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनके बीच मामूली विवाद शुरू हुआ, जो गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपी पुलेश्वर उर्फ सोनू यादव ने कुल्हाड़ी (टंगिया) से शिशुपाल मरकाम (38 वर्ष) के चेहरे पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उसने नरेश यादव के सिर और कान पर जानलेवा हमला किया, जिससे नरेश की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस को 30 अप्रैल 2026 को ब्राह्मणबाहरा स्थित मसान घाट जंगल के पास एक शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मरचूरी भेजा गया, जिसे बाद में रायपुर रेफर किया गया।

जांच के दौरान ही पुलिस ने आरोपी पुलेश्वर उर्फ सोनू यादव (20 वर्ष, निवासी ब्राह्मणबाहरा) को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया है।