कोरबा जिले के बांकीमोंगरा वार्ड क्रमांक 14 कटाईनार में पेयजल संकट के बीच बोरिंग कार्य को लेकर विवाद गहरा गया

Chhattisgarh Crimesकोरबा जिले के बांकीमोंगरा वार्ड क्रमांक 14 कटाईनार में पेयजल संकट के बीच बोरिंग कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय निवासी डिंकी कौर ने 4 मई को जिला कलेक्टर को शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

डिंकी कौर का कहना है कि वार्ड में लंबे समय से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। इसको लेकर नगर पालिका और वार्ड पार्षद रम्भा पति हेमसिंह को कई बार लिखित आवेदन दिए गए, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

“जरूरत की जगह नहीं, दूसरी जगह हो रही बोरिंग”

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बोरिंग का कार्य वास्तविक जरूरत वाले स्थानों पर न कराकर अन्य जगहों पर कराया जा रहा है, जिससे पक्षपात की आशंका पैदा हो रही है। इससे पानी की समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।

वीडियो वायरल: पैसे, मुर्गा और शराब लेने के आरोप

डिंकी कौर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि बोरिंग कराने के लिए 20 हजार रुपये, मुर्गा और शराब ली गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनसे भी इसी तरह की मांग की गई थी।

“बयान वापस लेने का दबाव”, धमकी का आरोप

शिकायत के बाद डिंकी कौर ने वार्ड पार्षद के पति पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्हें शाम को एक बैठक में बुलाकर अपमानजनक व्यवहार किया गया और बयान वापस लेने के लिए कहा गया।

ऐसा नहीं करने पर थाने में एफआईआर दर्ज कराने की धमकी भी दी गई। इस दौरान कुछ लोगों के अनुचित व्यवहार से वे मानसिक रूप से आहत होने की बात भी कही।

डिंकी कौर ने कहा कि एक महिला होने के नाते इस तरह का व्यवहार न केवल पीड़ादायक है, बल्कि असुरक्षा की भावना भी पैदा करता है। उन्होंने इसे जनहित के मुद्दे को दबाने की कोशिश बताया।

पार्षद का जवाब: “सभी आरोप बेबुनियाद”

वहीं, वार्ड पार्षद रम्भा पति हेमसिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि बोरिंग की खुदाई वार्डवासियों की सहमति से कराई गई है और किसी से किसी प्रकार की कोई राशि या अन्य चीज की मांग नहीं की गई।