बिलासपुर के सीपत पुलिस ने पत्नी को चूहामार दवा खिलाकर हत्या का प्रयास करने वाले पति रामरतन सूर्यवंशी (65 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर के सीपत पुलिस ने पत्नी को चूहामार दवा खिलाकर हत्या का प्रयास करने वाले पति रामरतन सूर्यवंशी (65 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह घटना मचखंडा गांव की है।

पीड़ित महिला ने 4 मई को सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसका पति रामरतन सूर्यवंशी उसके चरित्र पर संदेह करता था और अक्सर उसके साथ मारपीट व झगड़ा करता था।

रिपोर्ट के अनुसार, 8 अप्रैल की सुबह करीब 8 बजे रामरतन ने घर में चूहे होने की बात कहकर पत्नी से गांव की किराना दुकान से चूहामार दवा मंगवाई।

दवा लाने के बाद, रामरतन उसे कुमीहाखार से लकड़ी लाने के बहाने ले गया। वहां पहुंचकर उसने जबरदस्ती पत्नी को चूहामार दवा खिला दी, जिससे वह बेहोश हो गई।

होश आने पर महिला ने बेटे को पूरी घटना बताई

परिजनों ने उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। तीन दिन बाद होश आने पर महिला ने अपने बेटे को पूरी घटना बताई।

महिला की रिपोर्ट पर सीपत पुलिस ने पति रामरतन सूर्यवंशी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीम बनाई और तलाश के बाद उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में रामरतन ने पत्नी को चूहामार दवा खिलाने की बात स्वीकार की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।