कोरबा के रजगामार इलाके में एक पेड़ से लटका नर कंकाल मिला है। इसकी पहचान दरगा निवासी मान सिंह (45) के रूप में हुई है, जो मार्च माह से लापता थे। परिजनों ने मौके पर मिले कपड़ों और सामान के आधार पर उनकी शिनाख्त की।
बुधवार को ग्रामीणों ने सुआपहाड़ जंगल में कंकाल लटका देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। रजगामार चौकी प्रभारी विनोद सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। यह कंकाल पहाड़ पर लगभग 25 किलोमीटर ऊपर घने जंगल में मिला था।
परिजनों ने बताया कि मान सिंह खेती-किसानी का काम करते थे और होली के बाद से अचानक लापता हो गए थे। परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने रजगामार चौकी में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति का पता चलेगा
पुलिस ने कंकाल को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई की। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। चौकी प्रभारी विनोद सिंह के अनुसार, यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और जंगल से मिले अन्य साक्ष्यों को भी जब्त किया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।