डोंगरगढ़ नगर के वार्ड क्रमांक-5 स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में उस समय हंगामा हो गया, जब वर्षों से पट्टा वितरण की मांग कर रहे स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया

Chhattisgarh Crimesडोंगरगढ़ नगर के वार्ड क्रमांक-5 स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में उस समय हंगामा हो गया, जब वर्षों से पट्टा वितरण की मांग कर रहे स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित वार्डवासियों ने शिविर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को अंबेडकर सांस्कृतिक भवन के भीतर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

हंगामे के बाद नगर पालिका के सहायक राजस्व निरीक्षक महेंद्र करसे ने डोंगरगढ़ थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत पर वार्ड पार्षद प्रीति चमन समुंद्रे सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, डोंगरगढ़ नगर के वार्ड क्रमांक-5 स्थित अंबेडकर भवन में आज सुशासन तिहार कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस शिविर में पट्टा वितरण की मांग को लेकर स्थानीय लोग पहुंचे।

लोगों का कहना है कि उन्हें काफी समय से पट्टा नहीं मिल रहा है, जिसके कारण वे प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं ले पा रहे हैं। कई बार आवेदन करने के बाद भी समस्या हल नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई थी।

मांग पूरी न होने और लगातार अनदेखी से नाराज होकर लोगों ने कार्यक्रम का विरोध शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने शिविर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को अंबेडकर सांस्कृतिक भवन के भीतर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ घंटे तक अंबेडकर भवन में ताला बंद रहा, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह प्रभावित हो गया। शिविर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को स्थिति बिगड़ती देख मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

इसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए बल प्रयोग के बीच ताला खुलवाया। घटना के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा। जानकारी के अनुसार, पुलिस लगभग सौ लोगों को अपने साथ थाना डोंगरगढ़ ले गई, जहां उनसे पूछताछ की गई।