बंगाल में बने मौसम सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ का मौसम बदला हुआ है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक आज (14 मई) और (15 मई) को इन गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। वहीं 16 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है। इससे पहले बुधवार शाम रायपुर में तेज बारिश हुई। बिलासपुर में भी दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ अंधड़, गरज-चमक और बारिश हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव दर्ज नहीं किया गया। दुर्ग सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।