जगदलपुर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत के बीच पेट्रोल पंप के मैनेजर से मारपीट हुई है। बाइक में सिर्फ 200 रुपए का पेट्रोल लेने के लिए युवक ने नाराजगी जताई। जिसके बाद पंप के मैनेजर से बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने अपने दोस्तों को बुलाकर मैनेजर को पीट दिया। वहीं पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, शहर के एयरपोर्ट रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर ज्यादा पेट्रोल देने से मना करने पर विवाद हो गया। पेट्रोल की कमी को देखते हुए पंप संचालकों ने हर बाइक में केवल 200 रुपए का पेट्रोल देने का फैसला किया था। इसी दौरान एक युवक पेट्रोल लेने पहुंचा। उसने अपनी बाइक की टंकी फुल करने के लिए कहा। लेकिन मैनेजर ने 200 रुपए से ज्यादा का पेट्रोल देने से मना कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ा। जिसके बाद युवक वहां से चला गया। कुछ देर बाद अपने अन्य साथियों को लेकर पहुंचा। करीब 5 से 7 युवकों ने मिलकर मैनेजर अंकित अग्रवाल की बेदम पिटाई कर दी। पुलिस ने 5 आरोपियों को भेजा जेल
वहीं मैनेजर ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर इस मामले की लिखित शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया और 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। घटना की जानकारी मिलते ही एक घंटे से भी कम समय में आरोपियों को पकड़ लिया गया।