जांजगीर-चांपा में ऑनलाइन सट्टा ऐप ‘BDG’ यानी बिग डैडी गेम के जरिए अवैध सट्टा कारोबार संचालित करने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय आरोपी किरण महादु साल्वे को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा में ऑनलाइन सट्टा ऐप ‘BDG’ यानी बिग डैडी गेम के जरिए अवैध सट्टा कारोबार संचालित करने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय आरोपी किरण महादु साल्वे को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड बता रही है।

मामले में पहले ही 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क में मोबाइल ऐप, व्हाट्सएप ग्रुप, टेलीग्राम चैनल और USDT क्रिप्टो करेंसी के जरिए वित्तीय लेन-देन किया जा रहा था। आरोपी के बैंक खाते में मौजूद राशि भी फ्रीज कराई गई है।

पुलिस के अनुसार, साइबर थाना जांजगीर को सूचना मिली थी कि न्यू चंदनियापारा लिंक रोड निवासी हेमलाल यादव मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई की।

पूछताछ में हेमलाल यादव ने ‘BDG बिग डैडी गेम’ नामक ऑनलाइन सट्टा गेम खेलने और इसके बड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी दी। उसने बताया कि उसे इस गेम की आईडी शैलेंद्र कुमार शर्मा ने उपलब्ध कराई थी।

व्हाट्सएप लिंक से जोड़ते थे नए लोग

पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और हेमलाल यादव के मेमोरेंडम के आधार पर शैलेंद्र कुमार शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शैलेंद्र ने बताया कि वह BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप की मास्टर आईडी और लिंक व्हाट्सएप के माध्यम से अन्य सहयोगियों तक पहुंचाता था।

पुलिस के अनुसार, नेटवर्क मार्केटिंग की तर्ज पर काम करने वाले इस सिस्टम में लिंक के जरिए नए लोगों को जोड़ा जाता था। उनके सट्टे में रकम लगाने पर ऊपर के एडमिन को कमीशन मिलता था। शैलेंद्र शर्मा की निशानदेही पर पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था।

टेलीग्राम चैनल से किरण साल्वे चलाता था नेटवर्क

पूछताछ में शैलेंद्र शर्मा ने पुलिस को बताया कि किरण साल्वे ने टेलीग्राम पर ‘ईगल BDG गेम’ नाम से चैनल बनाया था। इसी चैनल के माध्यम से शैलेंद्र को जांजगीर जिले का प्रमुख एडमिन बनाया गया था।

पुलिस के मुताबिक, BDG गेम में रकम जमा कराने के लेन-देन पर शैलेंद्र शर्मा को कमीशन मिलता था। वहीं, जिले के लोगों की ओर से ऐप में जमा की गई रकम के आधार पर किरण साल्वे को भी कमीशन प्राप्त होता था।

चैट और लेन-देन के साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी

पुलिस ने बताया कि टेलीग्राम और व्हाट्सएप चैटिंग के साथ पैसों के लेन-देन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किरण साल्वे को आरोपी बनाया गया। साइबर थाना जांजगीर की टीम ने उसे पुणे, महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर जांजगीर लाया। इसके बाद न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान किरण महादु साल्वे, पिता अलमता साल्वे, निवासी दत्ता नगर, थाना दौड़, जिला पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके बैंक खाते में मौजूद राशि फ्रीज कराने की कार्रवाई भी की है।

मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।