बलौदाबाजार जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ पुलिस ने 3 नवंबर को विशेष अभियान चलाकर 55 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर चलाए गए एंटी-क्राइम अभियान के दौरान सिटी कोतवाली, सुहेला, भाटापारा शहर, पलारी, कसडोल, सिमगा और लवन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 52,430 रुपए नकद, ताश पत्तियां और अन्य मशरूका जब्त किया है। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत कार्रवाई की गई है।
सिटी कोतवाली क्षेत्र के भैंसापसरा में पुलिस ने छोटू नवरंगे और अमन भारती को पकड़कर 9,600 रुपए जब्त किए। वहीं, कंजी क्षेत्र में तीन अलग-अलग कार्रवाई के दौरान बेदप्रकाश महिलांग, अतुल मनहरे, ललित साहू, देवनारायण कुर्रे और बीरबल दास मानिकपुरी सहित अन्य आरोपियों से 11,710 रुपए बरामद किए गए।
इंदिरा कॉलोनी और सिविल लाइन क्षेत्र में दुर्गेश यादव, हर्ष साहू, लखन फेकर, महेश ध्रुव और समीर राजपूत को गिरफ्तार कर 2,440 रुपए जब्त किए गए।
सुहेला और भाटापारा में भी दबिश
सुहेला थाना क्षेत्र के ग्राम बासीन गौठान के पास तीन अलग-अलग रेड में लखन लाल वर्मा, चंदन वर्मा, मोहम्मद आफताब, कृष्णा ध्रुव, दशरथ बंजारे, ओमप्रकाश बंजारे, तिलकराम वर्मा, विष्णु कोसले और गुमान जांगड़े को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 3,500 रुपए नकद और ताश पत्तियां जब्त की गईं।
भाटापारा शहर के नयागंज और नेहरू वार्ड क्षेत्र में सौरभ साहू, मोनू साहू, मुकेश साहू, शुभम यादव, संतोष निषाद, चंदू यादव और भारत कुर्रे से 2,590 रुपए नकद जब्त किए गए
पलारी और कसडोल में भी कार्रवाई
पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम लकड़िया में महेश कुमार बाधे, पुनम कुमार बाधे, दुर्गा प्रसाद घृतलहरे, भागीरथी घृतलहरे और सुमित बंजारे को गिरफ्तार कर 3,850 रुपए जब्त किए गए। वहीं, ग्राम जंगलोर से मिलनलाल कोसले, करन मानिकपुरी, पोषण निराला, डोमार टंडन और नोहर निराला से 7,310 रुपए बरामद हुए।
कसडोल क्षेत्र के ग्राम हटीद, मडकड़ा और छरछेद में कार्रवाई के दौरान गगन यादव, मुकेश यादव, रामभरोस केंवट, लक्ष्मण केंवट, योगेश श्रीवास, संतोष साहू, पवन कुमार साहू, खेदू दास वैष्णव, राजकुमार केंवट, टिक्कम केंवट और संजोग देवार सहित आरोपियों से 6,730 रुपए जब्त किए गए।
सिमगा और लवन में भी पकड़े गए जुआरी
सिमगा थाना क्षेत्र के ग्राम चौंरगा से कमलेश कुमार दिवाकर और प्रकाश वर्मा को पकड़कर 2,100 रुपए जब्त किए गए। वहीं, ग्राम कचलोन से पवन कुमार साठे और रामजी निषाद से 1,400 रुपए बरामद हुए।
लवन थाना क्षेत्र के ग्राम कारी में सतनाम भवन और मंच के पास तीन अलग-अलग रेड की गई। यहां गिरीश डहरिया, ताल कुमार साहू, भागवत पुरेना, हितेश कुमार चेल्लक, नरेश बघेल, उमेश पटेल, करन यादव, धनेश्वर यदु और बिरेन्द्र वर्मा सहित 9 लोगों को गिरफ्तार कर 2,490 रुपए नकद और ताश पत्तियां जब्त की गईं।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) और अन्य सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।