छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में DRG जवान की पत्नी ने अपने रिश्तेदार को 50 हजार रुपए देकर कॉलेज छात्रा की हत्या करवा दी। उसे शक था कि पति का अफेयर चला रहा है। ऐसे में उसने रिश्तेदार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। वारदात के बाद शव को बोरे में भरकर दफना दिया गया।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक मास्टरमाइंड महिला का नाम कमली करटम (40) है, जबकि DRG जवान का नाम पांडू करटम है। वहीं पुलिस ने घटना में सहयोग करने के आरोप में उसकी पहली पत्नी की बेटी को भी आरोपी बनाया है, जिसने पिकअप वाहन का इंतजाम किया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और निशानदेही पर बोरे से कंकाल बरामद किया। जांच में सामने आया कि युवती गुटोली की रहने वाली थी और दंतेवाड़ा में कॉलेज कर रही थी, जो कि सेकंड ईयर में थी। वहीं पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, DRG जवान पांडू करटम तोयलंका का रहने वाला है। उनकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। कमली करटम उसकी दूसरी पति है। कमली को शक था कि पांडू का रामदई कश्यप (22) के साथ चक्कर चल रहा है।
इस बीच जून 2024 को रामदई के रिश्तेदारों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद दोबारा रामदई की तलाश के लिए पुराने मामले को नए सिरे से खोला गया।
पुलिस टीम ने कॉल डिटेल और रिश्तेदारों के बयानों के आधार पर जांच शुरू की। इस दौरान पांडू करटम से महिला के लगातार संपर्क में रहने की जानकारी सामने आई। पूछताछ के दौरान पता चला कि रामदई के कमली के पति से नजदीकी संबंध थे, जिससे कमली नाराज थी।
50 हजार की दी सुपारी
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में सहयोग करने के आरोप में पांडू की पहली पत्नी की बेटी लक्ष्मी (22) को भी गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि कमली ने अपने रिश्तेदार हुंगाराम उर्फ बुटू करटम को 50 हजार रुपए देकर रामदई की हत्या की साजिश रची थी। घटना के समय कमली का पति बीज त्यौहार में शामिल होने गांव आया हुआ था।
सौतेली बेटी को भेजा दंतेवाड़ा
इसी दौरान कमली ने लक्ष्मी को दंतेवाड़ा भेजा और रात में फोन कर रामदई की मौजूदगी की जानकारी ली। इसके बाद कमली ने पिकअप वाहन से हुंगाराम को दंतेवाड़ा भेजा। आरोप है कि हुंगाराम ने घर में घुसकर रामदई कश्यप का मुंह और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को दफनाया
हत्या के बाद शव को रात में पिकअप से ग्राम तोयलंका ले जाया गया, जहां घर के पीछे नाले किनारे दफना दिया गया। पुलिस ने कमली की निशानदेही पर दंडाधिकारी, फोरेंसिक एक्सपर्ट और गवाहों की मौजूदगी में शव का उत्खनन कराया।
मौके से सफेद प्लास्टिक की बोरी में रखा कंकाल बरामद किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल दंतेवाड़ा भेजा गया।