छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कार सवार युवती ने खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी की। युवती चलती BMW कार की सनरूफ खोलकर डांस करती नजर आई, इसका वीडियो भी सामने आया है। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे की है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार सवार रसूखदार युवक को पकड़ लिया और उसकी कार भी जब्त कर ली है। युवक प्रतीक लूथर (36) शुभम विहार का रहने वाला है, रविवार रात वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घूमने निकला था, तभी स्टंटबाजी की घटना हुई।
सनरूफ खोलकर डांस कर रही थी गर्लफ्रेंड
जानकारी के मुताबिक, रविवार (24 मई) रात BMW कार सवार युवक हाईवे पर तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ा रहा था। इसी दौरान उसकी गर्लफ्रेंड सनरूफ खोलकर डांस करती नजर आई।
चलती कार में स्टंट और लापरवाही का यह वीडियो पीछे से किसी राहगीर ने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
ट्रैफिक पुलिस ने BMW कार जब्त की
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने BMW कार जब्त कर ली। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने उसमें सवार युवक प्रतीक लूथर (36) के खिलाफ कार्रवाई की, वह शुभम विहार का रहने वाला है।
पूछताछ के दौरान प्रतीक लूथर ने स्वीकार किया कि उसने कार चलाते समय ट्रैफिक नियमों को तोड़ा है। पुलिस ने उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की।
कानून का उल्लंघन नहीं, खुद की जान को खतरा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की होड़ में लोग सिर्फ कानून का उल्लंघन ही नहीं करते, बल्कि अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षा से भी खिलवाड़ करते हैं। इस मामले में भी वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई है।