भरतपुर विकासखंड के बहरासी गांव में दो गुटों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जनकपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कदम उठाए जाएंगे। यह घटना बहरासी गांव स्थित दाना पानी होटल के सामने की बताई जा रही है।
वीडियो में कुछ युवक एक अन्य युवक के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, अनूपपुर क्षेत्र से कुछ युवक रमदहा वॉटरफॉल घूमने आए थे। युवकों के बीच विवाद के बाद हुई मारपीट
इसी दौरान उनका स्थानीय युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी और बाद में बहरासी गांव में आमना-सामना होने पर मारपीट की घटना हुई।
वीडियो के आधार पर शुरू हुई जांच
थाना प्रभारी कमलेश देवांगन ने बताया कि वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की गई थी। जांच में दोनों पक्षों की संलिप्तता सामने आने पर बलवा सहित अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
शांति व्यवस्था बनाए रखने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
उन्होंने यह भी बताया कि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है और आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।