छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर में भीषण सड़क हादसे में एडिशनल एसपी संजय महादेवा के चाचा की मौत हो गई। तेज रफ्तार सवारी बस और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बृजराज उर्फ गोविंद महादेवा (42) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम लीदरी निवासी बृजराज उर्फ गोविंद महादेवा किसी निजी काम से तखतपुर आ रहे थे। इसी दौरान नगर के मुख्य मार्ग बेलसरी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार सवारी बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और गोविंद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी भेज दिया है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है।