छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के इंद्रप्रस्थ फेस-02 स्थित एलआईजी सी-ब्लॉक में गुरुवार को एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला। युवक बिल्डिंग की छत पर फांसी के फंदे से लटका हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने बिल्डिंग की छत पर युवक को फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डीडी नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं बिल्डिंग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक कब और कैसे बिल्डिंग की छत तक पहुंचा।
स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात तक इलाके में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई थी। सुबह शव मिलने के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम गावड़े ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच जारी है। पुलिस युवक के परिजनों और परिचितों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।