शहर में भीषण गर्मी के साथ पानी की किल्लत भी बरकरार

Chhattisgarh Crimesरायपुर: शहर में भीषण गर्मी के साथ पानी की किल्लत भी बरकरार है। शहर के करीब 20 वार्डों में पहली बार पानी की किल्लत के चलते टैंकर से जलापूर्ति की जा रही है। इस भीषण गर्मी में पानी की किल्लत इसलिए भी बढ़ी है, क्योंकि शहर के कई इलाकों में लगातार ग्राउंड वाटर लेवल नीचे जा रहा है। इस भीषण गर्मी में ऐसा पहली बार हुआ है कि निगम के 120 बोरवेल सूख चुके हैं। पहले निगम के पास 93 बोरवेल थे, जिसे 120 तक बढ़ाया गया ताकि गर्मी में राहत रहे। लेकिन गर्मी की मार ऐसी पड़ी की ग्राउंड वाटर लेवल ही नीचे चला गया, जिससे यह बोरवेल भी अनुपयोगी हो गए हैं।

बोरवेल सूखने का असर ये हुआ कि पहली बार शहर के पं. रविशंकर शुल्क वार्ड के अलावा भनपुरी के यतियतनलाल वार्ड और बंजारी माता वार्ड में भी टैंकर से पानी सप्लाई की जा रही है। जबकि पहले इन इलाकों में कभी भी टैंकर से पानी सप्लाई की नौबत नहीं आई थी।

पहले केवल शहर के खम्हारडीह, जोरा, लाभांडी, चंगोराभाठा, गीतांजली नगर, मोवा, सड्‌डू व कचना इलाके में तो टैंकर चलते ही थे। इस बार वार्डों के टेल एंड में प्रेशर बहुत लो है और भरी दोपहरी में लोगों को टैंकर से पानी लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। यही कारण है कि ठेकेदारों के 65 टैंकर से रोजाना 650 फेरे से पानी की सप्लाई की जा रही है। वहीं निगम के करीब 20 टैंकर भी जलापूर्ति के काम में लगे हुए हैं।