रायपुर में शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 12 लाख रुपए की ठगी की गई है। ठगों ने निको कंपनी में काम करने वाले सुपरवाइजर को निवेश के नाम पर अपने जाल में फंसा लिया।जब पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने फोन बंद कर दिया।
मामले में धरसींवा थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का नाम राजेंद्र पांडेय है। धरसींवा पुलिस के मुताबिक पीड़ित राजेंद्र पांडेय निको कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं।
उन्होंने पुलिस को बताया कि 26 फरवरी से अप्रैल 2026 के बीच उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को शेयर मार्केट एक्सपर्ट बताते हुए कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का दावा किया।
आरोपी ने कहा कि उसकी कंपनी निवेशकों को शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के जरिए बड़ा रिटर्न दिलाती है।
छोटे निवेश पर दिखाया मुनाफा
शुरुआत में आरोपी ने राजेंद्र को छोटे निवेश पर मुनाफा दिखाया, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग किश्तों में करीब 12 लाख रुपए विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। ठग लगातार बड़े प्रॉफिट का लालच देते रहे और निवेश की रकम बढ़ाने का दबाव बनाते रहे।