आरोपी पक्ष से कथित रूप से पैसे मांगने का वीडियो सामने आने के बाद दुर्ग पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुरानी भिलाई थाना में पदस्थ उप निरीक्षक तुलसीराम साहू और खुर्सीपार थाना में पदस्थ उप निरीक्षक देव लाल साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया

Chhattisgarh Crimesआरोपी पक्ष से कथित रूप से पैसे मांगने का वीडियो सामने आने के बाद दुर्ग पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुरानी भिलाई थाना में पदस्थ उप निरीक्षक तुलसीराम साहू और खुर्सीपार थाना में पदस्थ उप निरीक्षक देव लाल साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने आदेश जारी कर दोनों अधिकारियों को रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच किया है। साथ ही नगर पुलिस अधीक्षक, छावनी को पूरे प्रकरण की प्राथमिक जांच कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस आदेश के मुताबिक थाना पुरानी भिलाई में दर्ज अपराध क्रमांक 288/2026, एनडीपीएस एक्ट के मामले में आरोपी पक्ष से पैसे मांगने का वीडियो-ऑडियो वायरल हुआ था। प्रारंभिक तौर पर वायरल वीडियो-ऑडियो के आधार पर दोनों अधिकारियों का आचरण संदिग्ध और विभागीय मानकों के विपरीत प्रतीत होने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।

महिला ने लगाए पुलिस पर गंभीर आरोप इधर इस मामले में सामने आई महिला जसबीर ने पुलिस कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि उसकी मां और एक युवक को बिना पर्याप्त आधार के कार्रवाई के दायरे में लिया गया। महिला के मुताबिक उसकी मां को पूछताछ के नाम पर बुलाया गया था, जबकि जिस युवक को पकड़ा गया था उसे लंबे समय तक थाने में रखा गया और बाद में न्यायालय में पेश किया गया।

महिला ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान उससे पहले ₹5 हजार लिए गए और बाद में और पैसे की मांग की गई। महिला का कहना है कि संबंधित अधिकारियों की ओर से छोड़ने के नाम पर कुल ₹50 हजार की मांग की गई थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि लिखापढ़ी और कागजी प्रक्रिया के नाम पर अतिरिक्त रकम मांगी जा रही थी। महिला ने कहा कि जिसे गिरफ्तार किया गया है, वो आरोपी है ही नहीं। बावजूद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। यह पूरी कार्रवाई गलत हुई है।

महिला ने बातचीत की पूरी रिकॉर्डिंग की महिला ने दावा किया कि उसके पास पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग मौजूद है। उसके अनुसार बातचीत में यह भी कहा गया था कि कुछ रकम वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचानी होगी। महिला ने आरोप लगाया कि उसकी मां से अलग स्तर पर ₹2 लाख की मांग की बात भी कही गई थी। हालांकि महिला ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में उसकी सीधे संबंधित टीम से बातचीत नहीं हुई थी।

महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि संबंधित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जाए। उसका दावा है कि यदि जांच की जाए तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि मौके से क्या बरामद हुआ और क्या नहीं। महिला ने यह भी कहा कि उसके पास उस मोबाइल से जुड़े दस्तावेज और जानकारी मौजूद है जिसके बहाने कथित रूप से बुलाया गया था।