कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के हिदूर जंगल में सर्चिंग के दौरान तीन टिफिन आईईडी बरामद किए गए। बम निरोधक दस्ते (BDS) ने इन्हें मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई कांकेर पुलिस, बीएसएफ और डीआरजी की संयुक्त टीम ने की। टीम जिले के संवेदनशील और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार तलाशी अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत हिदूर के जंगल-पहाड़ी इलाके में सघन तलाशी ली गई, जहां नक्सलियों द्वारा छिपाए गए ये विस्फोटक मिले।
सभी आईईडी को सफलतापूर्वक डिफ्यूज
बरामद प्रत्येक टिफिन आईईडी का वजन लगभग तीन किलोग्राम था। सुरक्षा कारणों से तत्काल बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। दस्ते ने सभी आईईडी को सफलतापूर्वक डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया। समय रहते इन विस्फोटकों की बरामदगी से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी
पुलिस के अनुसार, नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षाबलों का संयुक्त अभियान जारी रहेगा। इस तरह की लगातार कार्रवाई से नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।