कोरबा पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesकोरबा पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान में 26 फरार वारंटियों को भी पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मानिकपुर चौकी पुलिस ने झोपड़ीपारा पम्प हाउस निवासी अतुल गुप्ता को अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी एक्टिवा की डिग्गी में शराब रखकर ग्राहकों तक पहुंचा रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 21 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी शराब दुकान खुलने से पहले और बंद होने के बाद अधिक कीमत पर शराब बेचने का काम करता था। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस जांच के दौरान यह सवाल भी सामने आया कि एक व्यक्ति के पास इतनी मात्रा में शराब कैसे पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकानों से निर्धारित नियमों के विपरीत बड़ी मात्रा में शराब खरीदी और बेची जा रही है। मामले की जांच कर संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।

26 फरार वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा

इधर, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिलेभर में फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नीतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में तीनों पुलिस अनुभागों की टीमों ने सघन दबिश दी।

अभियान के दौरान 05 स्थायी वारंटी और 21 गिरफ्तारी वारंटी समेत कुल 26 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ न्यायालय द्वारा वारंट जारी किए गए थे और वे लंबे समय से फरार चल रहे थे।