एमसीबी जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुवांरपुर चौकी के भुतहानाला इलाके में जंगल के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। राहगीरों की सूचना पर जनकपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी कमलेश देवांगन अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है, ताकि महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा सकें।
मामले की सभी पहलुओं पर जांच
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस मृतक की पहचान करने और मामले के सभी पहलुओं से जांच करने में जुटी हुई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की गुमशुदगी की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।