छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाने वाले युवक ने अब एक और वीडियो जारी किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाने वाले युवक ने अब एक और वीडियो जारी किया है। जिसमें कहा कि, उसने यह वीडियो किसी दबाव में नहीं बनाया है। चेकिंग गलत लगी, इसलिए बनाया। लेकिन कुछ लोग वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं।

वीडियो में कमेंट्स में रिश्वत की बात भी सामने आई थी। लेकिन युवक ने स्पष्ट किया कि उससे किसी तरह की रिश्वत की मांग नहीं की गई थी। पुलिसकर्मियों ने आईडी प्रूफ मांगा था, जिसे बाद में थाने में जमा कर दिया गया है।

दरअसल, यह मामला धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के पोटियाडीह मुजगहन चेकिंग पॉइंट का है। कुछ दिनों पहले पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक और उसकी पत्नी को पूछताछ के लिए रोका था। इस दौरान पुलिस और युवक के बीच तीखी बहस हुई थी।

बहस के दौरान युवक ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया था और पुलिस पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया था। पहले वायरल हुए वीडियो में युवक पुलिस से बहस करता और उन्हें उकसाता हुआ भी दिख रहा था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

अपनी सुरक्षा के लिए बनाया वीडियो

अब जारी किए गए नए वीडियो में युवक ने बताया कि उस रात वह मूवी देखकर घर लौट रहा था। पुलिसकर्मियों की तरफ से रोके जाने पर उसे चेकिंग सही नहीं लगी, क्योंकि वहां कोई बैरिकेड नहीं था। उसने अपनी सुरक्षा के लिए वीडियो बनाना शुरू किया था।

युवक के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बात बिगड़ चुकी थी, जिसके बाद टीआई को बुलाया गया। युवक ने आरोप लगाया कि टीआई का बात करने का लहजा भी गरमा-गरमी में बिगड़ गया था। युवक ने यह भी स्वीकार किया कि उसका अपना लहजा भी बिगड़ गया था और उसे पुलिस के साथ सहयोग करना चाहिए था।

रिश्वत की नहीं की गई मांग

युवक ने बताया कि कुछ लोग उसके वीडियो को एडिट करके डाल रहे हैं, जिस पर कई कमेंट्स आ रहे हैं। इन कमेंट्स में रिश्वत की बात भी सामने आई थी। युवक ने स्पष्ट किया कि उससे किसी तरह की रिश्वत की मांग नहीं की गई थी।