छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शादी का झांसा देकर विधवा महिला से दुष्कर्म और अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला का विश्वास जीता और बाद में उसे धमकाकर संबंध बनाए रखने का दबाव बनाता रहा। शिकायत के बाद चक्रधर नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, चक्रधर नगर क्षेत्र की 40 वर्षीय विधवा महिला की मुलाकात मार्च 2026 में कोरबा के एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान अक्षय कुमार कुम्हरानी (31) से हुई थी। आरोपी ने खुद को पुलिस विभाग में पदस्थ बताते हुए वर्दी वाली तस्वीरें भेजीं और शादी करने की इच्छा जताई। जांच में पता चला कि वह पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि सिक्योरिटी गार्ड था।
महिला के अकेले रहने की जानकारी मिलने पर आरोपी उसके गांव पहुंचने लगा। आरोप है कि, उसने शादी का वादा कर महिला से शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसने महिला की जानकारी के बिना मोबाइल से उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।
फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी
पीड़िता ने बताया कि, 7 मई 2026 को जब वह अपनी मां के इलाज के लिए रायपुर गई थी, तब आरोपी वहां पहुंचा और उसे घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसी दौरान उसने महिला को बताया कि उसके पास अश्लील फोटो और वीडियो है। संबंध बनाए रखने के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर सोशल मीडिया पर सामग्री वायरल करने की धमकी दी।
इंस्टाग्राम और फेसबुक पर किया अपलोड
महिला की शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने 27 मई को उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम-फेसबुक पर अपलोड कर दिए। इसके अलावा व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से अश्लील संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी भी देता रहा।
शिकायत के बाद गिरफ्तारी
लगातार ब्लैकमेलिंग और धमकियों से परेशान होकर महिला ने चक्रधर नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 296, 351(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-E, 67 और 67-A के तहत मामला दर्ज किया।
चक्रधर नगर पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्ती
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेलिंग और उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।