पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव मंगलवार को जांजगीर-चांपा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अकलतरा और जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्रों में पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं से मुलाकात की

Chhattisgarh Crimesपूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव मंगलवार को जांजगीर-चांपा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अकलतरा और जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्रों में पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्षों और पूर्व जिला अध्यक्षों से संगठन और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की संभावनाओं पर टीएस सिंहदेव ने कहा कि वर्तमान में संगठन चुनाव की कोई औपचारिक प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मीडिया में कई अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष का निर्णय कांग्रेस हाईकमान ही करता है।

राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए सिंहदेव ने कहा कि सरकार ने अपनी वास्तविक आय से अधिक का बजट पेश किया है, जिसका असर प्रदेश की मूलभूत सुविधाओं पर दिख रहा है। एक तरफ सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है।

भाजपा की लोकप्रियता पर सिंहदेव का बयान

टीएस सिंहदेव ने भाजपा की लोकप्रियता के आकलन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जनता वास्तविक परिस्थितियों को अच्छी तरह समझ रही है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं का उपयोग संगठन को मजबूत करने के लिए करता है।

पार्टी के लिए काम करना स्वाभाविक

सिंहदेव ने कहा कि यदि किसी को लगता है कि कांग्रेस अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं का उपयोग कर रही है, तो इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है। किसी भी पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता अपनी विचारधारा और संगठन को मजबूत करने के लिए ही काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। इसलिए पार्टी के लिए समर्पित होकर काम करना राजनीति का सामान्य और आवश्यक हिस्सा है