छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से हादसा हो गया। हादसे में इलाज कराकर घर लौट रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बोलेरो में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार जशपुर जिले के ग्राम माटीपहाड़ छर्रा निवासी अतुल बड़ा (25) अपने पिता तुषु बड़ा (60) का रायगढ़ के एपेक्स अस्पताल में इलाज करा रहा था। तुषु बड़ा की तबीयत खराब होने पर 2 जून को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने पर मंगलवार को डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया।
इसके बाद अतुल बड़ा, उसके पिता तुषु बड़ा, भाई रोशन बड़ा और रिश्ते की बुआ अलबेसिया पन्ना बोलेरो वाहन से अपने गांव लौट रहे थे।
सामने से आ रहे ट्रेलर ने मारी टक्कर
घरघोड़ा पावरग्रिड के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
अस्पताल में बुजुर्ग को मृत घोषित किया
घायलों को तत्काल घरघोड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तुषु बड़ा को मृत घोषित कर दिया। वहीं अतुल बड़ा, रोशन बड़ा और अलबेसिया पन्ना का उपचार जारी है।
ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाज के बाद घर लौट रहे परिवार के साथ हुए इस हादसे से गांव में शोक का माहौल है।