लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 21 जून को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। इस पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, कांग्रेस ने बहुत शराब घोटाला किया

Chhattisgarh Crimesरायपुर: लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 21 जून को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। इस पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, कांग्रेस ने बहुत शराब घोटाला किया है। इसलिए कांग्रेस उनका पैर शराब से धोकर स्वागत करे। ऐसी हमारी शुभकामना है।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, राहुल गांधी का स्वागत है। पिछली बार कांग्रेस ने प्रियंका के लिए गुलाब की पंखुड़िया बिछा दी थी। इस बार राहुल गांधी के लिए क्या करेंगे, ये कांग्रेस पार्टी बताएगी। अपने आका को खुश रखने के लिए बहुत सारे नवाचार करते हैं। कांग्रेस अपने पांच साल के शासनकाल में भ्रष्टाचार में डुबी रही।

इससे पहले राहुल गांधी सितंबर 2023 में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान छत्तीसगढ़ आए थे। इस बार उनका दौरा कांग्रेस के संगठनात्मक अभियान से जुड़ा माना जा रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी अभनपुर में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर जिला कांग्रेस अध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर सकते हैं।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि, प्रदेश कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में 20 से 29 जून के बीच एक बड़े प्रशिक्षण शिविर के आयोजन की तैयारी की जा रही है।

शिविर में छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा के जिला कांग्रेस अध्यक्षों को भी शामिल किए जाने की योजना है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यक्रम का प्रस्ताव राहुल गांधी के कार्यालय को भेजा गया है और अंतिम मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।

संगठन की कार्यप्रणाली समझेंगे कांग्रेस नेता

इस प्रशिक्षण शिविर में हाल ही में नियुक्त 41 जिला कांग्रेस अध्यक्षों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें संगठन की कार्यप्रणाली, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क, चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देगी कांग्रेस

यह पूरा आयोजन कांग्रेस के “संगठन सृजन अभियान” का हिस्सा है, जिसके जरिए पार्टी 2025-26 में जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। अभियान के तहत जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन का पुनर्गठन किया जा रहा है। पार्टी का फोकस सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने और संगठन में जवाबदेही तय करने पर है।