छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में गुरुवार को पुलिस ने ट्रेलर से करीब 1 करोड़ 44 लाख 48 हजार 250 रुपए गांजा बरामद किया है। ट्रेलर में 8 प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखे गए कुल 40 पैकेटों में 208.965 किलोग्राम गांजा रखा गया था। गांजा को ओडिशा से लोडकर छत्तीसगढ़ के रास्ते राजस्थान ले जाया जा रहा था।जांच में पता चला कि ट्रेलर मूल रूप से विशाखापट्टनम से आयरन डस्ट (फ्लोरस्पार पाउडर) लोड कर हरियाणा के लिए रवाना हुआ था। लेकिन रास्ते में तस्करों ने अपनी योजना को अंजाम दिया। ट्रेलर ओडिशा पहुंचने के बाद उसमें लोड फ्लोरस्पार पाउडर के नीचे गांजा छिपाकर लोड कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के एक युवक और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही, पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल किया गया ट्रेलर, उसमें भरा फ्लोर्सपार पाउडर और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 2 करोड़ 6 लाख 20 हजार 460 रुपए आंका गया है। यह मामला फगुरम चौकी क्षेत्र का है।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को फगुरम चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रेलर में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर ओडिशा से राजस्थान ले जाया जा रहा है। बताया गया कि ट्रेलर चंद्रपुर, फगुरम और खरसिया मार्ग से गुजरने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई। पुलिस टीम ने खरसिया-डभरा मुख्य मार्ग पर ग्राम बोडासागर स्थित सागर फैमिली ढाबा के सामने नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
नाकेबंदी के दौरान पुलिस टीम सागर फैमिली ढाबा के पास संदिग्ध ट्रेलर का इंतजार कर रही थी। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए अनुसार एक ट्रेलर वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने ट्रेलर के ड्राइवर से पूछताछ की। ड्राइवर ने बताया कि ट्रेलर में आयरन डस्ट (लोहे को गलाने वाला फ्लोरस्पार पाउडर) लोड है।
लेकिन पुलिस को जब शक हुआ तो उसने गाड़ी की तलाशी ली। ट्रेलर में आयरन डस्ट लोड था, लेकिन उसके नीचे गांजे की खेप छिपाकर रखी गई थी।
40 पैकेटों में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
जांच के दौरान पुलिस को आठ बड़ी प्लास्टिक की बोरियां मिलीं। इन बोरियों के अंदर पांच-पांच पैकेट रखे गए थे। सभी पैकेट भूरे रंग के टेप से अच्छी तरह पैक किए गए थे ताकि किसी को उनके अंदर क्या है, इसका अंदाजा न लग सके। जब पुलिस ने पैकेट खोलकर जांच की तो उनमें गांजा भरा मिला। कुल 40 पैकेटों से 208.965 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए गांजे की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 4 लाख 48 हजार 250 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा गांजे की तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा टाटा सिगना ट्रेलर (आरजे-09-जीसी-5216), जिसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपए है, उसे भी जब्त कर लिया गया।
ट्रेलर में लदा आयरन डस्ट भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है, जिसकी कीमत करीब 21 लाख 42 हजार 210 रुपए बताई गई है। आरोपियों के पास से दो वीवो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। इस तरह जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 1 करोड़ 66 लाख 20 हजार 460 रुपए से अधिक बताई जा रही है।