बिलासपुर में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए युवक की डैम में डूबने से मौत हो गई। युवक नहाने के लिए गहरे पानी में उतरा था, तभी वह डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह गहराई में समा गया। SDRF की टीम ने 7 घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। घटना कोटा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक नया सरकंडा गली नंबर-4 निवासी ऋषभ देव (32) सोमवार सुबह अपने दोस्त अभिषेक जायसवाल, राकेश साहू, दीपक जायसवाल, कुशल टेक्नो और बिट्टू अली के साथ कोटा क्षेत्र के औरापानी जलाशय पिकनिक मनाने गया था। सभी सुबह-सुबह डैम पहुंचे और कुछ देर बाद नहाने के लिए पानी में उतर गए।
दोस्तों के सामने गहरे पानी में डूबा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाते समय ऋषभ अचानक गहरे पानी में चला गया, जब तक उसके साथी कुछ समझ पाते, वह डूबने लगा। दोस्तों ने उसे पकड़ने और बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वे उसे बचा नहीं सके। कुछ ही पलों में ऋषभ उनकी आंखों के सामने पानी में समा गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और SDRF
इस घटना की सूचना तत्काल कोटा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने जलाशय में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर बाद ऋषभ के शव को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।