मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में मंगलवार सुबह सड़क हादसे में 2 साल की बच्ची की मौत

Chhattisgarh Crimesमोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में मंगलवार सुबह सड़क हादसे में 2 साल की बच्ची की मौत हो गई। मासूम फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस की चपेट में आ गई, जो बच्चों को लेने पहुंची थी। घटना खड़गांव थाना क्षेत्र के घोटिया गांव की है।

हादसे के तुरंत बाद बस चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा होकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पीएम के लिए भेजा शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर चक्काजाम समाप्त कराने का प्रयास किया। इस बीच मृत बच्ची के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए मोहला भेज दिया गया है।

फरार ड्राइवर की तलाश जारी

पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और चालक की लापरवाही की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार चालक की तलाश भी जारी है।