छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जुनवानी इलाके में वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जुनवानी इलाके में वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। यहां आने वाले कस्टमर से पैसे लिए जाते थे। इसके बाद महिला दलाल के जरिए महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जाता था। स्पा सेंटर का मैनेजर खुद इस पूरी गतिविधि को संचालित करता था।

मामला स्मृतिनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने सूचना के आधार पर ली वेलनेस स्पा सेंटर में रेड की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ‘ली स्पा सेंटर’ के मैनेजर और महिला दलाल समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मौके से करीब 4 लाख रुपए कीमत के 19 मोबाइल फोन और देह व्यापार से जुड़ी अन्य सामग्री भी जब्त की है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

जानिए पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, स्मृतिनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा की आड़ में देह व्यापार चलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने टीम बनाई और सेंटर पर दबिश दी।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर कई लोग मिले, जिनमें स्पा सेंटर का मैनेजर, महिला दलाल, ग्राहक और अन्य लोग शामिल थे।

मैनेजर पैसे लेकर ग्राहकों को महिलाओं से कराता था संपर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि स्पा सेंटर का मैनेजर तनय सोनी पैसे लेकर महिलाओं को देह व्यापार के लिए ग्राहकों को उपलब्ध कराता था। वहीं, महिला दलाल हेमा सिंह उर्फ प्रीत के जरिए लड़कियों को बुलाया जाता था। पुलिस के अनुसार, ग्राहकों से संपर्क कराने और पूरी गतिविधि को संचालित करने में मैनेजर की भूमिका सामने आई है।

19 मोबाइल और कैश जब्त

रेड के दौरान पुलिस ने मौके से 19 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस ने इनकी कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई है। इसके अलावा ग्राहकों से प्राप्त 1900 रुपए नगद भी मिले। पुलिस ने ग्राहकों और देह व्यापार के लिए आने वाले लोगों की जानकारी से जुड़ी सामग्री, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

9 आरोपियों को गिरफ्तार किया

पुलिस ने मामले में तनय सोनी (23), हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32), रूपेन्द्र जंघेल (39), रितिक सोनी (26), दिनेन्द्र कुमार सोनी (27), हेमंत सिन्हा (28), अविनाश शर्मा उर्फ अभी (32), आनंद कुमार (31) और अरुण पांडेय (24) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी दुर्ग-भिलाई के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं।

देह व्यापार के लिए ऐसे लाते थे महिलाएं

पुलिस के मुताबिक, स्पा सेंटर में आने वाले ग्राहकों से पैसे लिए जाते थे। इसके बाद महिला दलाल के जरिए महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जाता था। स्पा सेंटर का मैनेजर इस पूरी गतिविधि को संचालित करता था। पुलिस ने मौके से मिले मोबाइल और दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्पा सेंटर में कब से चल रहा था सेक्स रैकेट, जांच जारी

स्मृतिनगर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब जब्त किए गए मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य सामग्री की जांच कर रही है।

साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि स्पा सेंटर में यह गतिविधि कब से चल रही थी और इसमें और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।