छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 3 दिन कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर हिस्से में अगले 4 दिन कई जगह हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
इसी बीच मंगलवार को ओडिशा के सुंदरगढ़ में बिजली गिरने से जशपुर की दो महिला मजदूरों की मौत हो गई। चंपा तिर्की (28) और सुशीला तिर्की (26) धान की रोपाई कर रही थीं। दोनों जशपुर के तुमला थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं।
इस दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी है। सुंदरगढ़ में हुए हादसे में 20 से ज्यादा मजदूर घायल भी हुए हैं, जिन्हें सबडेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बिलासपुर जिले में कुछ जगह भारी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में 1 जून से अब तक मानसून की बारिश सामान्य से 8% कम हुई है।