छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। जिसमें चोरी का डीजल और सब्बल मिला था। जांच में स्कॉर्पियो में फर्जी नंबर लगाकर मामला डीजल चोरी का निकला। जिसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए दो डीजल चोरों को गिरफ्तार किया है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक फरवरी माह में अमलीभौना स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने एनएच-49 किनारे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली थी।
वाहन का चालक और उसमें सवार लोग मौके से फरार थे। जूटमिल पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो अंदर 10 लीटर डीजल से भरी प्लास्टिक जरिकेन, करीब 2 मीटर लंबा प्लास्टिक पाइप, दोनों तरफ नुकीला लोहे का सब्बल, दो मोबाइल व अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर वाली नंबर प्लेट मिलीं।
संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने वाहन व सामान को जब्त कर जांच शुरू की। वाहन पर नंबर अंकित था, लेकिन परिवहन विभाग से जांच कराने पर उस नंबर का कोई वाहन रिकॉर्ड नहीं मिला।
वहीं वाहन के अंदर मिली नंबर प्लेट के आधार पर जांच की गई तो उसका इंजन नंबर व चेचिस नंबर से वाहन मधुर निर्मलकर निवासी तुलसीनगर, कोरबा के नाम पंजीकृत मिला।
स्कॉर्पियो वाहन किराया में लिया पूछताछ में वाहन मालिक और उसके भाई शेखर निर्मलकर से पूछताछ में जानकारी मिली कि स्कॉर्पियो वाहन 30 दिसंबर 2025 को पुरुषोत्तम यादव निवासी बगडबरी, जिला जांजगीर-चांपा को 45 हजार रुपये मासिक किराये पर दिया गया था।
इसके बाद मामले में जांच के दौरान संदीप कुमार डहरिया 34 साल निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा और सुनील कुमार केवंट 30 साल निवासी खम्हरिया जिला कोरबा का नाम सामने आया।
तब पुलिस ने उनसे पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम यादव के कहने पर उन्होंने स्कॉर्पियो की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी।
भागने के दौरान स्कॉर्पियो वाहन पलटी इसके बाद संदीप, सुनील, शिव कुमार रजक व कुलदीप साण्डे के साथ रायगढ़ शहर आकर हाईवे पर खड़े ट्रेलर से डीजल चोरी की।
ट्रेलर की डीजल टंकी का लॉक तोड़कर डीजल निकालने के दौरान ट्रेलर चालक के जागने और शोर मचाने पर सभी आरोपी स्कॉर्पियो से तेजी से भागे।
इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर एनएच-49 किनारे पलट गई और आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए।
मुख्य आरोपी केन्द्रीय जेल बिलासपुर में निरूद्ध है पूछताछ में बताया कि मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव 48 साल ग्राम बगडबरी थाना बलौदा जिला जांजगीर चांपा के खिलाफ कोरबा जिला के अलग-अलग थानों में पांच प्रकरण चोरी व अन्य धाराओ में प्रकरण पंजीबद्ध है।
वर्तमान में वह थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के धारा 303(2), 111, 309(4), 3(5) BNS व आर्म्स एक्ट समेत अन्य प्रकरणों में 26 जून 2026 से केंद्रीय जेल बिलासपुर में निरुद्ध है।
गिरोह के फरार सदस्यों की तलाष जारी जूटमिल पुलिस ने न्यायालय से उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति प्राप्त कर प्रोडक्शन वारंट हासिल किया है।
आरोपी को बिलासपुर केंद्रीय जेल से रायगढ़ लाकर पूछताछ की जाएगी। वहीं गिरोह के फरार सदस्य शिव कुमार रजक व कुलदीप साण्डे की तलाश जारी है।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर जूटमिल पुलिस ने सुनील कुमार केंवट और संदीप कुमार डहरिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों को रिमांड पर जेल भेजा गया।
आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले से गुजरने वाले हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाओं को पुलिस गंभीरता से ले रही है।
पुलिस की विवेचना में सामने आए इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
अपराध में प्रयुक्त वाहनों, फर्जी नंबर प्लेट और चोरी के नेटवर्क पर पुलिस की विशेष नजर है। ऐसे अपराधों में संलिप्त सभी आरोपियों के कड़ी कार्रवाई की जाएगी।