पूरन मेश्राम/गरियाबंद। आजादी और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंँचाने के उद्देश्य से सीआरपीएफ कैंप पायलीखंड जुंगाड़ स्थित बी/211 वाहिनी द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में सीआरपीएफ के जवानों ने पूरे उत्साह के साथ पैदल मार्च एवं मोटरसाइकिल रैली निकालकर तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा में प्राथमिक शाला जुंगाड़ एवं हाई स्कूल बरगांँव के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, पालकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकली रैली से क्षेत्र का माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने भी जवानों के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन किया। इस अवसर पर देश की एकता,अखंडता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सीआरपीएफ के डॉ.विनोद कुमार टंडन, कमांडेंट सीसीडी, प्रज्ञान अटल,आईसी,इंस्पेक्टर अमोल बनसोडे, कंपनी कमांडर, इंस्पेक्टर सत्यनारायण पटेल सहित बी/211 वाहिनी के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। इसके अलावा विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से सीआरपीएफ जवानों ने न केवल देशभक्ति की भावना को मजबूत किया, बल्कि ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों के बीच राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति सम्मान का संदेश भी पहुँचाया।