छत्तीसगढ़ में कोरबा के पाली थाना क्षेत्र में खारुन नदी में बहने से गेंदलाल (45) की मौत हो गई। वह बुधवार सुबह नदी किनारे गुड़ाखू करने गया था, तभी पैर फिसलने से तेज बहाव में बह गया। गुरुवार सुबह करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में उसका शव मिला। लगातार बारिश के कारण नदी में तेज बहाव और भंवर बना हुआ था।
वहीं, रायगढ़ के धरमजयगढ़ ब्लॉक के पुटूकछार गांव में नदी का जलस्तर बढ़ने से रपटा पुल चार दिनों से डूबा है। इससे खम्हार-पुटूकछार मार्ग पर आवागमन ठप है और स्कूली बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों को भी गांव से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिन तक प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश का दौर जारी रहेगा। एक्सपर्ट का कहना है कि आज से बारिश की एक्टिविटी कम हो सकती है, लेकिन कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।