छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम करने वाली दिल्ली की युवती ने संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम करने वाली दिल्ली की युवती ने संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती के मुताबिक संचालक उस पर ग्राहकों को खुश करने के लिए देह व्यापार करने का दबाव बनाता था।

युवती ने ऐसा करने से मना किया तो उसकी सैलरी रोक दी गई। आरोप है कि रुकी हुई सैलरी मांगने पहुंचने पर स्पा संचालक और उसके भाइयों ने उसके साथ बदसलूकी और मारपीट की। इस दौरान उसका मोबाइल भी छीन लिया गया।

युवती की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने स्पा संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानिए क्या है पूरा मामला

दरअसल, दिल्ली की मूल निवासी 22 वर्षीय युवती सकरी थाना क्षेत्र में रहती है। उसने पुलिस को बताया कि वह करीब तीन महीने से 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम कर रही थी।

युवती का आरोप है कि स्पा संचालक अमन सेन और उसका बड़ा भाई लोकेश सेन उस पर देह व्यापार करने का दबाव बनाते थे। अमन उसे अक्सर प्राइवेट केबिन में ले जाता और उसके साथ गलत तरीके से छूने की हरकत करता था।

युवती ने इन हरकतों का विरोध किया और काम छोड़ने की बात कही तो उसका वेतन रोक दिया गया।

सैलरी मांगने पहुंची, तब की छेड़छाड़, मारपीट कर तोड़ा मोबाइल

युवती का आरोप है कि, 22 अगस्त को वह सैलरी मांगने पहुंची तो अमन सेन ने फिर बदसलूकी की। 25 अगस्त की शाम करीब 7 बजे वह दोबारा स्पॉ सेंटर पहुंची। वहां मौजूद लोकेश सेन ने भाई को बदनाम करने की बात कहते हुए उसके साथ छेड़छाड़ की।

पीड़िता ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपी ने मोबाइल छीन लिया। आरोप है कि उसने अश्लील गालियां देते हुए मुक्के से मारपीट की और दायां हाथ मरोड़ दिया। इससे उसके हाथ और कंधे में चोट आई।

सीसीटीवी फुटेज डिलीट करने और धमकाने का आरोप

युवती ने बताया कि, साक्ष्य मिटाने स्पा सेंटर में लगे सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दिया गया है। वहीं, अपनी रसूख की धमकी देकर युवती को अपनी पहुंच का डर दिखाया। बाद में अमन सेन ने भी फोन कर गाली-गलौज की और पुलिस में जाने पर जान से मारने की धमकी दी।

स्पा संचालक भाइयों ने पूर्व एसपी पर लगाया था अवैध वसूली का आरोप

आरोपी स्पा सेंटर संचालक अमन सेन ने पूर्व एडिशनल एसपी शहर राजेंद्र जायसवाल पर काम करने के एवज में पैसा मांगने का आरोप लगाया था। उसने एसपी कार्यालय में अपना और एएसपी के बीच कुछ बातचीत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा के निर्देश पर एसपी को सस्पेंड कर विभागीय जांच का आदेश दिया गया था।