छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पट्टा का काम नहीं होने से नाराज लड़के ने पटवारी का सिर फोड़ दिया। सचराटोला का रहने वाला प्रकाश पेंद्रो लोहे की पाइप लेकर दफ्तर पहुंचा। वह पटवारी शुद्धु राम कोल के केबिन में घुसकर दरवाजा बंद कर उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
वहां मौजूद लोगों ने खिड़की से उसे रोकने की कोशिश की और पिटाई का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में प्रकाश पेंद्रो ने कहा कि वह 3 साल से चक्कर लगा रहा है, पटवारी न तो पैसा वापस कर रहा न ही काम करवा रहा है। मामला मरवाही थाना क्षेत्र का है।
दरवाजा बंद कर पाइप से सिर फोड़ा
घटना बुधवार (26 अगस्त) की है। दानीकुंडी स्थित हल्का क्रमांक-26 के पटवारी शुद्धु राम कोल अपने दफ्तर में मौजूद थे। तभी सचराटोला का रहने वाला प्रकाश पेंद्रो लोहे की रॉड लेकर उनके दफ्तर में घुस आया और दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद सीधे रॉड से पटवारी पर हमला कर दिया।
पाइप अड़ाकर पटवारी को रोके रखा
घायल पटवारी वहीं जमीन पर नीचे गिर पड़े। इस दौरान युवक ने उन्हें कुछ देर तक रॉड अड़ाकर वहीं रोके रखा। अन्य लोगों को इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। लोगों ने खिड़की से उसे रोकने की कोशिश की। बड़ी मुश्किलों बाद लड़के ने दरवाजा खोला। घायल पटवारी को तुरंत अस्पताल ले जाया। जहां उनका इलाज जारी है।
पट्टा संबंधी काम नहीं होने से नाराज था
हालांकि इस मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बताया जा रहा है प्रकाश पेंद्रो पट्टा संबंधी काम नहीं होने से नाराज था। सामने आए वीडियो में वह कहता दिखाई दिया कि 3 साल से ऑफिस के चक्कर लगाने के बावजूद उसका काम नहीं हुआ और पटवारी ने पैसे भी नहीं लौटाए। वारदात के बाद से प्रकाश पेंद्रो फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।