छत्तीसगढ़ में आज कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। अगले 2 दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की एक्टिविटी बढ़ी रहेगी।
इसके पहले पिछले 24 घंटे में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। बेलरगांव में सबसे ज्यादा 120 मिमी और नगरी में 110 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के बीच जांजगीर-चांपा में हसदेव नदी के तेज बहाव में 3 कॉलेज छात्र बह गए।
बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे। नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया। उसे बचाने के लिए नदी में कूदे 2 अन्य छात्र भी बह गए।
तीनों छात्रों का अब तक पता नहीं चला है। नगर सैनिकों और गोताखोरों की टीम उनकी तलाश में जुटी है। वहीं धमतरी में मुरुमसिल्ली बांध के सभी सायफन गेट खोल दिए गए हैं। नदी-नाले उफान पर आने से कई जगह सड़कों पर पानी भर गया, जिससे धमतरी-नरहरपुर मार्ग पर लोग फंसे रहे।