दुर्ग जिले के कुरूद बाजार चौक में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में 40 वर्षीय पुरण भारती की हत्या कर दी गई

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के कुरूद बाजार चौक में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में 40 वर्षीय पुरण भारती की हत्या कर दी गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पुरण के सिर पर ईंट-पत्थर से ताबड़तोड़ कई बार हमला किया। गंभीर चोट लगने से पुरण की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद मामा और भांजे दोनों को हिरासत में लिया है। यह मामला जामुल थाना क्षेत्र के वार्ड-22 का है।

अब जानिए पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय मामा मनीष बघेल और भांजा राज जोशी कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान मनीष बघेल का दोस्त पुरण भारती वहां पहुंचा। शराब पीने के दौरान पुरण और राज जोशी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनों के बीच गाली-गलौज होने लगी।

इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि राज जोशी ने पुरण भारती के सिर पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।

हमले में पुरण भारती के सिर पर गंभीर चोट आई। वह खून से लथपथ होकर कमरे में गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कमरे में मौजूद मामा-भांजा वहीं पड़े रहे।

मामा ने दी पुलिस को सूचना

घटना के बाद पुलिस को हत्या की सूचना आरोपी के मामा मनीष बघेल ने ही दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा करवाया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद वहां मौजूद मामा-भांजा को हिरासत में लिया। पुलिस दोनों से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है।

प्रारंभिक जांच में शराब पीने के दौरान पुरण भारती और आरोपी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। मृतक उतई का रहने वाला बताया जा रहा है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

पुलिस ने पुरण भारती के शव को पोस्टमार्टम के लिए कचांदूर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बालिग है। मामले में घटना के समय मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस विवाद की असली वजह और हत्या में आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।

जांच में जुटी पुलिस, आरोपियों से पूछताछ जारी

घटना के बाद कुरूद बाजार चौक इलाके में भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित सबूत जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामा-भांजा को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।