छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हेरोइन सप्लाई का पंजाब कनेक्शन सामने आया है। पुलिस ने तकनीकी जांच के बाद अमृतसर से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पैडलर के जरिए बिलासपुर में हेरोइन की खेप भेजी थी। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, 24 अक्टूबर को पुलिस ने उसलापुर बाजार के पास दीपक वालिया नाम के युवक को पकड़ा था। उसके पास से 2.50 लाख रुपए कीमत की 11.73 ग्राम हेरोइन और 10,500 रुपए नकद बरामद हुए थे। दीपक मूल रूप से अमृतसर का रहने वाला था और उसलापुर में रहकर हेरोइन की बिक्री कर रहा था।
तकनीकी जांच में मिला मुख्य सप्लायर का सुराग
इस मामले में एसएसपी रजनेश सिंह ने पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए एंड टू एंड कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम पूछताछ और साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर मुख्य सप्लायर की तलाश कर रही थी।
जांच में पता चला कि बिलासपुर में हेरोइन की खेप अमृतसर का रिंकू सप्लाई करता था। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम पंजाब भेजी गई। स्थानीय पुलिस की मदद से घेराबंदी कर मुख्य सप्लायर रविंद्रजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसे बिलासपुर लाने के बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि नशे की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाकर उसे ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।