बेमेतरा जिले के साजा ब्लॉक के काचरी गांव में चोरी की शिकायत वापस नहीं लेने पर चार परिवारों के सामाजिक बहिष्कार किए जाने का आरोप लगा है। सोमवार को पीड़ित परिवारों के सदस्य बेमेतरा पहुंचे और कलेक्टर को लिखित शिकायत देकर बहिष्कार का फरमान रद्द कराने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ताओं रमेश साहू, अर्जुन साहू, मनोज साहू और कलाराम वर्मा ने ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों और कुछ ग्रामीणों पर बहिष्कार का आदेश जारी करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक, 24 मई 2025 को रमेश साहू के घर चोरी हुई थी। मामले में साजा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि चोरी में एक व्यक्ति पर शक था, लेकिन उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।
आरोप है कि कार्रवाई की मांग करने पर परिवारों पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया।
अगस्त की बैठकों में भी दबाव देने का आरोप
आवेदन के अनुसार, 20 और 23 अगस्त 2026 को गांव में बैठकें हुईं। इन बैठकों में भी शिकायत वापस लेने के लिए दबाव डाला गया। परिवारों ने शिकायत वापस लेने से इनकार किया तो उनके खिलाफ गांव से बहिष्कार का आदेश जारी किए जाने का आरोप है।
शिकायत में कहा गया है कि ग्रामीणों को इन परिवारों से बात नहीं करने, उनके घर नहीं जाने, सामान नहीं बेचने और कोई काम नहीं करने के लिए कहा गया। आदेश का उल्लंघन करने वाले पर 10 हजार रुपए जुर्माना लगाने की बात कही गई। वहीं, बहिष्कार की सूचना देने वाले को 2,500 रुपए इनाम देने का भी उल्लेख शिकायत में किया गया है।
15 सदस्य प्रभावित होने का दावा
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, कथित बहिष्कार से चार परिवारों के कुल 15 सदस्य प्रभावित हो रहे हैं। इनमें कलाराम वर्मा के परिवार के 2, अर्जुन साहू के 2, रमेश साहू के 5 और मनोज साहू के 6 सदस्य शामिल हैं।