छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठनात्मक बदलाव के बाद कांग्रेस ने भाजपा से सवाल पूछे

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ भाजपा में संगठनात्मक बदलाव के बाद कांग्रेस ने भाजपा से सवाल पूछे हैं। कांग्रेस ने संगठन में हुए बदलाव के साथ 1500 करोड़ रुपए की कथित वसूली से जुड़े वायरल वीडियो का मुद्दा भी उठाया है।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा विधायक की शिकायत के बाद सामने आए वायरल वीडियो में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का नाम लेते हुए 1500 करोड़ रुपए की कथित वसूली का दावा किया गया था।

भाजपा ने इस वीडियो को फर्जी बताया था। कांग्रेस का कहना है कि अगर वीडियो फर्जी है तो इसकी सच्चाई जांच के जरिए सामने आनी चाहिए।

बता दें कि 24 सितंबर को हुए संगठनात्मक बदलाव में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय को झारखंड की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, झारखंड के संगठन महामंत्री रहे कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ भेजा गया है।

एजेंसी से जांच की मांग

धनंजय सिंह ठाकुर ने मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर वीडियो फर्जी है तो इसे बनाने और प्रसारित करने वालों का पता लगाया जाना चाहिए।

वहीं, अगर वीडियो में लगाए गए आर्थिक लेन-देन के आरोपों में कोई सच्चाई है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसी से मामले की जांच कराने की मांग की है।

फेरबदल को लेकर भी सवाल

कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि पवन साय को छत्तीसगढ़ से हटाकर झारखंड भेजे जाने के बाद संगठन में हुए इस बदलाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी बदलने से वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की जांच का मुद्दा खत्म नहीं होता।

धनंजय सिंह ठाकुर ने सरकार से पूरे मामले की जांच कर वास्तविकता जनता के सामने रखने की मांग की। साथ ही उन्होंने सरकारी निर्माण कार्यों के टेंडर और सामान-सर्विस की सप्लाई में कथित अनियमितताओं की भी जांच कराने की मांग की।