जांजगीर-चांपा जिले में नाबालिग के अपहरण के मामले में कोटमीसोनार पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान पवन मुजल्दे के पुनासा, जिला खंडवा के रूप में हुई है। पुलिस ने नाबालिग को भी सुरक्षित बरामद कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग के बहला-फुसलाकर अपहरण किए जाने की शिकायत पर अकलतरा थाने में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पवन मुजल्दे से दोस्ती हुई थी और दोनों के बीच बातचीत होती थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 28 जुलाई 2026 को नाबालिग को मिलने के लिए इंदौर बुलाया था। जांच में शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार किए जाने की बात सामने आई है।
साइबर जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने साइबर तकनीकी सबूतों की मदद से आरोपी की पहचान की। इसके बाद इंदौर में उसकी तलाश कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।