कवर्धा जिले के चिल्फी अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर बिहार से आ रहा 301 क्विंटल धान पकड़ा गया। खाद्य, मंडी, राजस्व, आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने 750 बोरी धान से भरा ट्रक जब्त किया है। ट्रक बिहार के कैमूर से आ रहा था।
सहायक खाद्य अधिकारी मदन मोहन साहू ने बताया कि, चेकपोस्ट पर टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कैमूर से आ रहे ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में 750 बोरी धान मिला, जिसका कुल वजन 301 क्विंटल था।
मंडी अधिनियम के उल्लंघन पर कार्रवाई
जांच में मंडी अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर ट्रक जब्त कर लिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए प्रकरण तैयार किया गया है।
दूसरे राज्यों से आने वाले धान पर नजर
जिला प्रशासन सीमावर्ती इलाकों में धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए अभियान चला रहा है। इसके तहत खाद्य, मंडी, राजस्व, आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें अंतर्राज्यीय रास्तों पर वाहनों की जांच कर रही हैं।
प्रशासन का कहना है कि दूसरे राज्यों से अवैध रूप से लाए गए धान को समर्थन मूल्य पर खरीदी व्यवस्था में बेचने से रोकने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। नियम तोड़ने वालों पर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।