कांकेर में पुलिस ने कार से अवैध शराब ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesकांकेर में पुलिस ने कार से अवैध शराब ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार से 60 हजार 480 रुपए की अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। इसके अलावा 600 रुपए नकद और करीब 50 हजार रुपए कीमत की इंडिका कार जब्त की गई है।

जब्त सामान की कुल कीमत 1 लाख 11 हजार 80 रुपए बताई गई है। यह मामला कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र का है।पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने टीम बनाई और संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर तलाशी ली।

पुलिस ने सफेद रंग की टाटा इंडिका कार (CG 04 HC 1986) को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान कार से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर मिली।

कार से 5 पेटी ग्रांड कोलंबिया शराब, जिसमें 48-48 पौवा थे, 4 पेटी शीम्बा बीयर, जिसमें कुल 48 बोतलें और 9 पेटी प्रेसिडेंट 5000 सुपर स्ट्रॉन्ग बीयर, जिसमें 108 बोतलें थीं, बरामद की गईं। कुल 144.600 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 60 हजार 480 रुपए है।

इसके अलावा आरोपियों के पास से 600 रुपए नकद और 50 हजार रुपए कीमत की इंडिका कार भी जब्त की गई। इस तरह पुलिस ने कुल 1 लाख 11 हजार 80 रुपए की संपत्ति जब्त की है।

दोनों आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस ने मौके पर शराब और कार जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान मोहनलाल नेताम (36) और भगत सिंह ताम्रकार (39), दोनों निवासी ग्राम डुमरकोट, जिला कांकेर के रूप में हुई है।

पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।