झारखंड में बचे सिर्फ 6 नक्सली, कुल 55 लाख का है इनाम; देखें लिस्ट

Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/न्यूज डेस्क। झारखंड में प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के खिलाफ सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई और आत्मसमर्पण के बीच अब छह प्रमुख इनामी माओवादी ही सुरक्षा एजेंसियों की सूची में बचे हैं। इन सभी पर कुल 55 लाख का इनाम घोषित है। इनमें सबसे अधिक 15 लाख का इनाम नितेश यादव उर्फ इरफान उर्फ नन्दू उर्फ किरानी पर है।
इनामी माओवादियों में अधिकांश का संबंध लातेहार, पलामू और गढ़वा जिले से है। पहले इनका प्रभाव शंख-कोयल जोन और बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में रहा था। बूढ़ा पहाड़ में सुरक्षा बलों की कार्रवाई तेज होने के बाद संगठन के कई सदस्य सारंडा क्षेत्र की ओर चले गए थे। हालांकि, अब वहां भी इनकी मौजूदगी की स्पष्ट जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को नहीं मिल रही है। सारंडा में भी माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है। नक्सली कमांडर सचिन के आत्मसमर्पण के बाद क्षेत्र में संगठन के शीर्ष स्तर का कोई प्रमुख माओवादी नहीं बचा है। इस बीच एक करोड़ के इनामी माओवादी आकाश की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान अब बचे हुए इनामी माओवादियों की तलाश पर केंद्रित है।

सुरक्षा एजेंसियों की सूची में गया निवासी नितेश यादव उर्फ इरफान उर्फ नन्दू उर्फ किरानी पर 15 लाख का इनाम है। वह संगठन में आरसीएम स्तर का सदस्य बताया गया है। नितेश यादव ग्राम तरवाडीह, थाना डुमरिया, जिला गया (बिहार) का रहने वाला है। लातेहार के नगराटोला हेम्बरवार निवासी मनोहर गंझू उर्फ सोहन उर्फ दिनेश पर 10 लाख का इनाम है। उसे जोनल कमेटी सदस्य बताया गया है। पलामू के देवगन गांव निवासी गोदराय यादव उर्फ संजय यादव पर भी 10 लाख का इनाम है। गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के झिंगुरा गांव निवासी पंकज कोरवा पर पांच लाख का इनाम है। उसे संगठन में सब-जोनल कमेटी (एसजेडीएम) स्तर का सदस्य बताया गया है। वहीं, गढ़वा के डंडई थाना क्षेत्र के लावाही निवासी राजू भुइयां पर भी पांच लाख का इनाम है। वह संगठन में सब जोनल कमेटी स्तर का सदस्य बताया गया है।