रायगढ़ जिले के जूटमिल इलाके में शराब के लिए रुपए नहीं देने पर दो नाबालिग समेत 3 आरोपियों ने युवक और नाबालिग पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने एक युवक से मोबाइल और कैश भी लूट लिया। दोनों घटनाएं रविवार रात की हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने दो नाबालिगों और गणेश सारथी (24) को पकड़ा है। मामले में चार फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पहली घटना ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के पास मिनीमाता चौक से पहले रेलवे पटरी के पास हुई। यहां आरोपियों ने महरापारा निवासी रितेश कुमार जैन (35) का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दो नाबालिगों समेत पांच लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्के से मारपीट की।
इसी दौरान आरोपियों ने चाकू से रितेश के सीने पर वार कर दिया। इसके बाद उसके पास रखे 300 रुपए और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घायल ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की।
17 साल के किशोर के पेट में चाकू मारा
इसी रात बजरंगपारा में 17 वर्षीय विनय जायसवाल से शराब के लिए रुपए मांगे गए। रुपए देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से उसके पेट में चाकू से वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। विनय की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल और बटन चाकू बरामद
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी, संदिग्धों की गतिविधियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तीन संदेहियों को पकड़ा। पूछताछ में दो नाबालिगों के साथ गणेश सारथी का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तीनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, बटन चाकू और हाथ में पहना लोहे का कड़ा बरामद किया गया है।
4 फरार आरोपियों की तलाश
पुलिस ने दोनों नाबालिगों के खिलाफ लूट और हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू की है। उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं गणेश सारथी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल चार अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
SSP बोले- गंभीर अपराध बर्दाश्त नहीं
SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि चाकूबाजी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जूटमिल पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा है। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।