माओवादियों के सबसे बड़े कमांडर नितेश यादव ने बदल दिया अपना ठिकाना, लेवी मिलनी हुई बंद

Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/छत्तीसगढ़ क्राइम्स। झारखंड-बिहार के सबसे बड़े माओवादी कमांडर नितेश यादवउर्फ इरफान ने अपना ठिकाना बदल लिया है। नितेश यादव झारखंड के पलामू और बिहार के औरंगाबाद क्षेत्र से चतरा के इलाके में शिफ्ट हो गया है। जहां वह माओवादी मनोहर गंझू के दस्ते के साथ जुड़ गया है। दोनों मिलकर कोयलांचल क्षेत्र में माओवादियों का नया दस्ता खड़ा करने की कोशिश में हैं।

हाल ही में, नितेश यादव के बेहद करीबी माओवादी संजय यादव उर्फ संजय गोदराम को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था। संजय यादव पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये और बिहार सरकार ने 3 लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था। पलामू पुलिस की पूछताछ में उसने नितेश यादव और उसके दस्ते से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। उसने बताया कि नितेश यादव पलामू और औरंगाबाद के इलाके को छोड़कर चतरा में शिफ्ट हो गया है। नितेश अकेला रह गया था, इसलिए वह मनोहर गंझू के साथ जुड़ गया।

“संजय यादव उर्फ संजय गोदराम ने पुलिस को बताया है कि नितेश यादव दूसरे इलाके में शिफ्ट हो गया है। माओवादियों को लेवी मिलना भी बंद हो गई है। पुलिस लगातार अभियान चला रही है। नितेश यादव और मनोहर गंझू को टारगेट किया गया है। पुलिस बचे हुए नक्सलियों से सरेंडर की अपील भी कर रही है और चेतावनी दे रही है कि सरेंडर करें, नहीं तो अभियान जारी रहेगा। पूछताछ में मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर अभियान चलाया जा रहा है।” – पलामू एसपी कपिल चौधरी

■ मई 2025 की मुठभेड़ के बाद बदले हालात, बिखर गया नितेश का दस्ता।

संजय गोदराम ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि पलामू के हुसैनाबाद और पांडू सीमा पर मई 2025 में पुलिस के साथ नितेश यादव के दस्ते की मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में माओवादियों का एरिया कमांडर तुलसी भूइयां मारा गया था। जिसके बाद नितेश यादव का दस्ता बिखर गया। उसका करीबी ठेगन मियां भी दस्ता छोड़कर भाग गया।

इसके बाद नितेश यादव और संजय गोदराम ने मनोहर गंझू से मुलाकात की। उसके बाद से नितेश कई बार चतरा के इलाके में जा रहा था। दोनों के बीच कई बैठकें हुईं। जून-जुलाई 2026 में नितेश यादव पूरी तरह चतरा के इलाके में शिफ्ट हो गया और मनोहर गंझू के साथ जुड़ गया। संजय गोदराम ने पलामू पुलिस को बताया कि दस्ता बिखर जाने के कारण सभी चतरा शिफ्ट हुए।

■ माओवादियों को लेवी मिलना बंद, नहीं मिल रहा नया कैडर।

पुलिस की पूछताछ में यह भी पता चला कि झारखंड-बिहार सीमावर्ती इलाके में माओवादियों को लेवी मिलना बंद हो गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में अब कोई बड़ा दस्ता सक्रिय नहीं है और न ही कोई खास गतिविधि हो रही है। लेवी न मिलने और कैडर न रहने के कारण नितेश यादव चतरा के इलाके में शिफ्ट हुआ है। जिस इलाके में वह शिफ्ट हुआ है, वह पहले से उसका इंचार्ज रहा है।

माओवादियों के मध्य जोन के अंतर्गत पलामू, चतरा तथा बिहार के गया और औरंगाबाद जिले आते हैं. मध्य जोन में नितेश यादव ही सबसे बड़ा कमांडर है। 2022 में झारखंड-बिहार में पीएलजीए के सबसे बड़े कमांडर संदीप यादव की मौत और अप्रैल 2023 में बड़े कमांडर गौतम पासवान तथा अजीत उर्फ चार्ली के मारे जाने के बाद नितेश यादव ही लेवी का हिसाब-किताब रखता था और लेवी जमा करता था। चतरा के जिस इलाके में वह शिफ्ट हुआ है, वहां माओवादी पहले कोयले से लेवी वसूलते रहे हैं।

■ क्यों शिफ्ट हुआ नितेश यादव?

नितेश यादव झारखंड-बिहार में माओवादियों का सबसे बड़ा कमांडर है। झारखंड सरकार ने उस पर 15 लाख रुपये और बिहार सरकार ने 3 लाख रुपये का इनाम रखा हुआ है। वर्तमान में झारखंड-बिहार में नितेश यादव और मनोहर गंझू के नेतृत्व में माओवादियों का एकमात्र सक्रिय दस्ता है।

पलामू और औरंगाबाद पुलिस ने नितेश यादव के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के लिए एक स्पेशल टीम का गठन किया था। खुद को सुरक्षित रखने और दस्ता के साथ जुड़ने के लिए नितेश यादव मनोहर गंझू के साथ हो गया है।

नितेश यादव पर झारखंड-बिहार में 70 से अधिक नक्सली हमले करने का आरोप है, जबकि मनोहर गंझू पर 50 से अधिक हमलों का आरोप है। नितेश यादव बिहार के गया जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र के तरवाडीह गांव का रहने वाला है।