सक्ती के सरस्वती शिशु मंदिर चंद्रपुर में कक्षा 9वीं के छात्र से मारपीट के आरोप में स्कूल के प्रिंसिपल जगन्नाथ नायक के खिलाफ चंद्रपुर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। छात्र के परिजनों का आरोप है कि प्राचार्य ने छात्र को हाथ-मुक्के से पीटा और बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया। मारपीट में छात्र के सिर, पीठ और बाएं घुटने में चोट आई है।
छात्र के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज किया है। यह मामला चंद्रपुर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम तिलाईपाली के शशिभूषण गुप्ता का बेटा क्षत्रपति गुप्ता सरस्वती शिशु मंदिर चंद्रपुर में कक्षा 9वीं में पढ़ता है और स्कूल के हॉस्टल में रहता है। आरोप है कि 30 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे वह छात्रावास के बाथरूम के पास अपने क्लासमेट से बात कर रहा था। इसी दौरान प्रिंसिपल जगन्नाथ नायक वहां पहुंचे।
प्रिंसिपल ने छात्र के साथ मारपीट की
इसके बाद प्रिंसिपल ने छात्र से गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की। परिजनों की शिकायत के मुताबिक, प्रिंसिपल ने छात्र को हाथ-मुक्के से मारा और बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इससे उसके सिर, पीठ और बाएं घुटने में चोट लगी।
घटना के बाद छात्र ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों के मुताबिक, सूचना मिलने पर वे रात करीब 10 बजे स्कूल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने चंद्रपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संबंधित लोगों के बयान ले रही है और घटना से जुड़े दूसरे तथ्यों की भी जांच की जा रही है। छात्र के परिजनों और क्षेत्र के लोगों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।