झारखंड में हुए सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 3 लोगों की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesझारखंड में हुए सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 3 लोगों की मौत हो गई। पश्चिमी सिंहभूम जिले में ट्रक और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

सभी राजनांदगांव जिले के रहने वाले हैं। घायलों को जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक परिवार धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। घटना पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र की है।

मृतकों की पहचान अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) के रूप में हुई है। परिवार के हरमन कौर (6) और प्रदीप सिंह (57) गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में कार सवार 9 महीने का एक बच्चा सुरक्षित बच गया।

जमशेदपुर जा रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, 13 अक्टूबर की सुबह परिवार कार से छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से जमशेदपुर जा रहा था। इसी दौरान कुदापी डाउन के पास रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया और अमृत कौर, अमनदीप कौर और गुर सिमरन कौर की मौत हो गई।