कबीरधाम जिले के कवर्धा शहर में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के दो अलग-अलग मामलों में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एक आरोपी पीजी कॉलेज ग्राउंड में लोहे का फरसा लेकर लोगों को धमका रहा था, जबकि दूसरा पुराने बस स्टैंड स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कॉम्प्लेक्स के पास धारदार चाकू लहरा रहा था। पुलिस ने दोनों के कब्जे से हथियार जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, सिटी कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पीजी कॉलेज ग्राउंड में एक व्यक्ति हाथ में गन्ना काटने वाला लोहे का धारदार फरसा लेकर लहरा रहा है। वह वहां मौजूद लोगों और आने-जाने वाले राहगीरों के साथ गाली-गलौज कर उन्हें मारने की धमकी दे रहा था। इससे मौके पर लोगों में भय का माहौल बन गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम हाफिस खान (24), पिता याकुब खान, निवासी आदर्श नगर, वार्ड नंबर 6, कवर्धा बताया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मुठ सहित करीब 18.5 इंच लंबा लोहे का धारदार फरसा जब्त कर सीलबंद किया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 466/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज किया गया। आरोपी को 12 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया।
पुराने बस स्टैंड के पास चाकू लहराया
दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि पुराने बस स्टैंड स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कॉम्प्लेक्स के पास एक व्यक्ति धारदार चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है। वह राहगीरों के साथ गाली-गलौज कर उन्हें मारने की धमकी दे रहा था।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपनी पहचान रानू पटेल (22), पिता रामकुमार पटेल, निवासी वार्ड नंबर 6, देवारपारा, लोहारा रोड, कवर्धा के रूप में बताई।
11 इंच लंबा चाकू जब्त, लाइसेंस नहीं मिला
पुलिस ने रानू पटेल के कब्जे से प्लास्टिक की हेंडल लगा लोहे का धारदार चाकू जब्त किया। चाकू की हेंडल सहित कुल लंबाई करीब 11 इंच, धारदार फल की लंबाई 6 इंच और चौड़ाई 3.5 इंच बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, हथियार का वैध लाइसेंस मांगे जाने पर आरोपी ने लाइसेंस नहीं होने की बात कही। इसके बाद उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 585/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज किया गया। उसे भी 12 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड में भेजा
उप पुलिस अधीक्षक आशीष शुक्ला ने बताया दोनों मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया। दोनों मामलों में विवेचना जारी है। आगे भी असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार करवाई की जाएगी ।